रुद्रप्रयाग में हादसे के बाद मौके पर पहुंचे बीजेपी विधायक भरत चौधरी पर सवाल उठाने पर जनता भड़क गई।
रुद्रप्रयाग। राजनीति में जनता की आवाज़ सबसे ऊपर होती है और रुद्रप्रयाग में बुधवार को यह बात एक बार फिर साफ हो गई। यहां एक सड़क हादसे के बाद मौके पर पहुंचे बीजेपी विधायक भरत चौधरी को स्थानीय जनता के गुस्से का सामना करना पड़ा।

आरोप है कि जब स्थानीय महिलाओं ने विधायक से सवाल किए तो उन्होंने आपा खो दिया और कह बैठे कि तुम्हारे दम पर नहीं हूँ मैं विधायक। यह बयान सुनते ही वहां मौजूद भीड़ भड़क उठी और जोरदार नाराज़गी जताई।
घटना का वीडियो वायरल

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिलाएं विधायक को घेरकर कहती दिख रही हैं कि कुर्सी जनता देती है और ज़रूरत पड़ी तो वापस भी ले लेगी।
जनता की नाराज़गी साफ
ग्रामीणों का कहना है कि हादसे की सूचना मिलने पर विधायक मौके पर तो पहुंचे, लेकिन सवालों का जवाब देने के बजाय लोगों से उलझने लगे। लोगों ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि जनता की तकलीफ सुनने के बजाय “घमंड में चूर” नजर आए।
राजनीतिक गलियारों में हलचल
घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मच गई है। विपक्ष ने विधायक के बयान को जनता के अपमान के तौर पर पेश करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि जनता जब सिंहासन पर बैठाती है, तो उतारना भी जानती है।
