देहरादून के चकराता रोड पर स्थानीय दुकानों से पारंपरिक सामान खरीदते उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
देहरादून। दीपावली पर्व से ठीक पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के चकराता रोड स्थित स्थानीय बाजारों से पारंपरिक स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी की। मुख्यमंत्री ने इस दौरान मिट्टी के दीये, पारंपरिक बर्तन और अन्य स्थानीय सामान खरीदे।

मुख्यमंत्री ने बाजार में पहुंचकर स्थानीय दुकानदारों, कुम्हारों और हस्तशिल्पकारों से संवाद किया और उन्हें पारंपरिक कलाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय कारीगरों और छोटे व्यवसायियों को समर्थन देना ही सच्चे अर्थों में दीपावली की भावना है।
इस मौके पर सीएम धामी ने डिजिटल भुगतान (UPI) के माध्यम से खरीदारी की और जनता से भी अपील की कि वे इस त्योहारी सीजन में अधिक से अधिक लोकल और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि जब हम स्वदेशी अपनाते हैं, तो सिर्फ उत्पाद नहीं खरीदते — हम एक आत्मनिर्भर भारत के सपने को भी मजबूत करते हैं।

