दीपावली के अवसर पर बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में दीपोत्सव कार्यक्रम की तैयारी।
बदरीनाथ। उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थ श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम में दीपावली पर्व इस बार बेहद भव्य तरीके से मनाया जाएगा। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि मंदिरों में 20 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित होगा।

मंदिरों को फूलों से सजाने का काम जोरों पर है और परिसर को दीपों से जगमगाने की तैयारी की जा रही है। बीकेटीसी के साथ तीर्थ पुरोहित और हकहकूकधारी इस आयोजन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
हेमंत द्विवेदी ने बताया कि श्री बदरीनाथ धाम में श्री डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत मेहता, भंडारी और कमदी हकहकूकधारी दीप प्रज्ज्वलन करेंगे। इसी तरह श्री केदारनाथ धाम में भी तीर्थ पुरोहितों के सहयोग से दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

12 क्विंटल फूलों से श्रृंगार
दीपावली और कपाट बंद होने के अवसर पर दोनों धामों को 12 क्विंटल फूलों से सजाया जा रहा है। बीकेटीसी ने बताया कि श्रद्धालुओं और दानदाताओं के सहयोग से मंदिर परिसर एवं मार्गों को दीपों से सजाया जाएगा।
गौरतलब है कि श्री केदारनाथ धाम के कपाट 23 अक्टूबर को बंद हो जाएंगे। वहीं दीपावली के अवसर पर श्री बदरीनाथ धाम को भी फूलों से सजाकर विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
