कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह ने बीजेपी पर अर्बन नक्सल और जेहाद जैसे शब्दों से माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया।
देहरादून। उत्तराखंड में राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमाता दिख रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और चकराता से विधायक प्रीतम सिंह ने बीजेपी सरकार पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार राज्य में भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए “अर्बन नक्सल” और “जेहाद” जैसे शब्दों का जानबूझकर इस्तेमाल कर रही है। इससे सामाजिक एकता पर असर पड़ रहा है और प्रदेश में माहौल खराब करने की कोशिश हो रही है।

प्रीतम सिंह ने कहा कि जब सरकार के पास जनता को देने के लिए कोई ठोस जवाब नहीं होता तो वो धर्म और जाति के नाम पर राजनीति शुरू कर देती है। बीजेपी लगातार ऐसे शब्दों का प्रयोग कर समाज में खाई बढ़ाने का काम कर रही है।उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस हमेशा से सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे के पक्ष में रही है और ऐसे किसी भी कदम का विरोध करती रहेगी, जो राज्य की शांति और एकता को तोड़ने की कोशिश करें।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा जनता की समस्याओं पर जवाब देने से बचने के लिए ऐसे मुद्दों को हवा दे रही है जिनका धरातल पर कोई ठोस आधार नहीं है। पार्टी ने राज्य सरकार से इस पर जवाब मांगने की बात कही है।

