ऊधमसिंह नगर के नानकमत्ता में पिकअप की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, चार मजदूरों की मौत और तीन घायल।
नानकमत्ता। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले से दीपावली पर दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। धनतेरस के दिन, शनिवार सुबह नानकमत्ता में एक भीषण सड़क हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब सभी लोग दीपावली मनाने के लिए काम से छुट्टी लेकर अपने घर लौट रहे थे।

पुलिस के अनुसार, नानक सागर डैम से पहले मोड़ पर सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार सात लोग नीचे दब गए। मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को बाहर निकाला गया।
इस हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे की मौत अस्पताल ले जाते समय हुई। तीन अन्य घायलों को गंभीर अवस्था में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में मारे गए और घायल सभी लोग संभल और अमरोहा (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले थे और ऊधमसिंह नगर में मजदूरी करते थे। मृतकों में गुरुमुख (17 वर्ष) पुत्र राजेंद्र, शीशपाल (22 वर्ष) पुत्र महावीर, जयवीर (31 वर्ष) पुत्र श्यामलाल और एक अन्य शामिल हैं। घायलों का इलाज जारी है।

पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाना सामने आ रही है।
