मेरठ-दिल्ली-देहरादून हाइवे पर एमआईईटी कॉलेज के पास हरीश रावत की गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ, वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
देहरादून। मेरठ-दिल्ली-देहरादून हाइवे पर गुरुवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत की गाड़ी का मेरठ में एमआईईटी कॉलेज के पास एक सड़क दुर्घटना में एक्सीडेंट हो गया। बताया जा रहा है कि हाईवे पर अचानक दो गाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिसके चलते हरीश रावत की गाड़ी भी इसकी चपेट में आ गई।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। हरीश रावत को सुरक्षित दूसरी गाड़ी में बैठाकर देहरादून के लिए रवाना किया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में हरीश रावत को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
घटना के बाद हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी करते हुए समर्थकों और जनता से कहा कि मैं पूरी तरह ठीक हूं, किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। पुलिस और प्रशासन ने तत्काल मदद की। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में हलचल मच गई। पुलिस ने गाड़ियों को किनारे लगाकर ट्रैफिक सामान्य कर दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

