मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस अब सप्ताह में तीन दिन चलेगी।
देहरादून। उत्तराखंड के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। रेल मंत्रालय, भारत सरकार ने देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस (15019/15020) की साप्ताहिक सेवा को बढ़ाकर तीन दिन (त्रि-साप्ताहिक) करने की स्वीकृति दे दी है। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।

मुख्यमंत्री के प्रयासों का नतीजा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 8 अक्टूबर 2025 को नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की और इस विषय पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री के आग्रह पर रेल मंत्रालय ने शीघ्र कार्रवाई करते हुए तनकपुर–देहरादून रेल सेवा को सप्ताह में तीन बार चलाने की मंजूरी दी।

नई समय सारिणी
- 15019 देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस: बुधवार, शुक्रवार और रविवार
(पूर्व में केवल रविवार को चलती थी) - 15020 टनकपुर–देहरादून एक्सप्रेस: मंगलवार, गुरुवार और शनिवार
(पूर्व में केवल शनिवार को चलती थी)
प्रदेशवासियों के लिए सुविधा
इस सेवा वृद्धि का उद्देश्य यात्रियों की बढ़ती मांग और कुमाऊँ–गढ़वाल की बेहतर कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए किया गया है। रेल मंत्रालय ने इसे शीघ्र प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देहरादून–टनकपुर रेल सेवा के विस्तार से कुमाऊँ और गढ़वाल के बीच आवागमन और सुगम होगा। यह न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति देगा। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। राज्य के कई हिस्सों में रेल परियोजनाओं पर तेजी से काम जारी है, जिससे पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों तक रेल संपर्क सुनिश्चित होगा।
रेल मंत्रालय के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) विवेक कुमार सिन्हा ने आदेश में कहा कि इस निर्णय को शीघ्र लागू करने और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
