मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून मेडिकल कॉलेज में 1456 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देकर शुभकामनाएं दीं।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों को बधाई दी और कहा कि यह अवसर न केवल युवाओं के जीवन में एक नया अध्याय खोलेगा, बल्कि राज्य के उज्ज्वल भविष्य को भी मजबूत करेगा। उन्होंने सभी नवनियुक्त कर्मचारियों से निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

समीक्षा अधिकारियों और शिक्षकों की भूमिका अहम
सीएम धामी ने कहा कि सचिवालय शासन व्यवस्था का मस्तिष्क है, और इसे प्रभावी बनाने में समीक्षा अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। वहीं, शिक्षकों को बच्चों में शिक्षा के साथ राष्ट्र निर्माण की भावना जगानी होगी।

पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से बढ़ा युवाओं का विश्वास
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले चार वर्षों में 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है, जो पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में दोगुना से अधिक है। हाल ही में हरिद्वार में हुए नकल प्रकरण पर सरकार की सख्त कार्रवाई से स्पष्ट है कि युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होगा।
शिक्षा विभाग में और भर्तियां जल्द
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा विभाग में बीआरपी, सीआरपी, बेसिक अध्यापक और चतुर्थ श्रेणी पदों पर भी नियुक्तियां जल्द की जाएंगी। उन्होंने कहा कि नियुक्त सभी अध्यापकों को कुछ वर्षों तक दुर्गम क्षेत्रों में सेवा देना अनिवार्य होगा।
