गार्ड ऑफ ऑनर के बाद पदभार ग्रहण करते नैनीताल के नए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल।
नैनीताल। नैनीताल जिले को मंगलवार को नया जिलाधिकारी मिल गया। ललित मोहन रयाल ने नैनीताल के जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभालते हुए स्पष्ट कहा कि उनकी प्राथमिकता जनहित के कार्यों का समय पर समाधान, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना होगी। उन्होंने सबसे पहले कोषागार नैनीताल पहुंचकर द्वितालक में जमा अभिलेखों, स्टाम्पों और अन्य संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया।

जनहित और योजनाओं पर रहेगा फोकस
कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। शासन की योजनाओं और नीतियों को पारदर्शी और प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जिले में पर्यटन सुविधाओं को और अधिक बढ़ाना, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाना, जनता के कार्यों को सरल और समयबद्ध तरीके से करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक 100% पहुंचाने पर जोर दिया।

विकास कार्यों की सख्त मॉनिटरिंग
जिलाधिकारी रयाल ने कहा कि जिले में चल रहे सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाएगा। इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का समाधान पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करें। इसके बाद उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी और सभी उपजिलाधिकारियों के साथ राजस्व व विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने लंबित वादों की स्थिति की जानकारी ली और उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
विभागों को दिए स्पष्ट निर्देश
जिलाधिकारी ने ग्राम्य विकास, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, समाज कल्याण, बाल विकास, पंचायतीराज सहित सभी विभागों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र और यूसीसी प्रमाण पत्र समय पर जारी हों।
राजस्व विभाग को उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विरासत और अन्य लंबित मामलों का राजस्व मैनुअल के अनुसार समय पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि संवादहीनता किसी भी स्तर पर नहीं होनी चाहिए — अधिकारी जनता से समय पर मिलें और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें।
गार्ड ऑफ ऑनर और स्वागत
इससे पूर्व जिलाधिकारी के आगमन पर कलक्ट्रेट में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद जिले के प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, अपर जिलाधिकारी (प्रशा.) विवेक कुमार, अपर जिलाधिकारी (राजस्व) शैलेन्द्र सिंह नेगी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, परितोष वर्मा, रेखा कोहली, राहुल वर्मा, बी सी पंत, नवाजिश खलिक, मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी सहित कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
