मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सर्किट हाउस हल्द्वानी से सिटी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर के आम नागरिकों के लिए मंगलवार का दिन नई राहत लेकर आया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हल्द्वानी में सिटी बस सेवा की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने सर्किट हाउस परिसर से हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सिटी बस सेवा का शुभारंभ शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस सेवा के माध्यम से लोगों को सस्ती, सुलभ और सुरक्षित परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही, इस पहल से शहर में बढ़ते यातायात दबाव में कमी आएगी, प्रदूषण घटेगा और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड के हर नगर में आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था विकसित करना है ताकि आम नागरिकों को बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सिटी बस सेवा को चरणबद्ध तरीके से शहर के प्रमुख मार्गों पर शुरू किया जा रहा है। इस सेवा से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और स्थानीय नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। बसों में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है ताकि यात्रा आरामदायक और सुरक्षित हो।
इस शुभ अवसर पर विधायक बंशीधर भगत (कालाढूंगी), विधायक राम सिंह केड़ा (भीमताल), भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, आईजी रिद्धिमा अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, जनप्रतिनिधि और कई अधिकारी उपस्थित रहे।
