हल्द्वानी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिटी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ।
हल्द्वानी। कुमाऊं की प्रवेश नगरी हल्द्वानी के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। शहर में मंगलवार से सिटी बस सेवा शुरू हो रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह 9:30 बजे सर्किट हाउस से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर सेवा का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। यह सुविधा शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से राहत देने और किफायती दरों पर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है। परिवहन विभाग के मुताबिक शुरुआत में बसें तीन प्रमुख रूटों पर ही चलेंगी और यात्रियों से 10 रुपये से 45 रुपये तक का किराया लिया जाएगा। जैसे-जैसे मांग बढ़ेगी, अन्य रूटों पर भी बसें चलाई जाएंगी।

परमिट में अड़चन से हुई थी देरी
दरअसल, सिटी बस सेवा 21 जुलाई से शुरू होनी थी। छह प्रमुख रूटों पर 89 बसें चलाने की योजना बनी थी और आरटीए की 18 मार्च की बैठक में यह तय किया गया था कि केवल नए यूरो-06 मॉडल की बसें ही चलेंगी। लेकिन, 30–35 लाख रुपये की नई बसें खरीदने में निजी ऑपरेटरों की अनिच्छा के कारण यह योजना अटक गई। इसके बाद परिवहन विभाग ने नियमों में आंशिक ढील देते हुए पुरानी लेकिन अच्छी कंडीशन वाली बसों को भी मंजूरी दी। अब तक 12 निजी ऑपरेटरों ने परमिट प्राप्त किया है।

ये हैं शुरुआती तीन रूट
आरटीओ प्रशासन डॉ. गुरदेव सिंह के अनुसार, पहले चरण में तीन रूटों पर बसें चलेंगी। शेष रूटों को चरणबद्ध तरीके से जोड़ा जाएगा।
1. रानीबाग–लामाचौड़ (45.6 किमी)
रानीबाग → काठगोदाम → तिकोनिया → रोडवेज → मुखानी → कठघरिया → फतेहपुर
बस का रंग: पीला
2. काठगोदाम–बस स्टैंड (33.6 किमी)
रूट: नरीमन चौराहा → स्टेडियम → तीनपानी → गोरापड़ाव → पीलीकोठी
बस का रंग: नीला
3. हल्द्वानी बस स्टेशन–कालाढूंगी चौराहा (12.2 किमी)
रूट: रामपुर रोड → देवलचौड़ → गैस गोदाम → मुखानी
बस का रंग: हरा
कम किराया, आसान सफर
शहर के यात्रियों के लिए किराया 10 से 45 के बीच रखा गया है। यह सिटी बस सेवा हल्द्वानी में सस्ती, सुलभ और पर्यावरण हितैषी परिवहन को बढ़ावा देगी। इससे निजी वाहनों की संख्या में कमी आने और ट्रैफिक जाम में राहत मिलने की उम्मीद है।
