जम्मू-कश्मीर के बारामूला में ड्यूटी के दौरान गोली लगने से शहीद हुए कोटद्वार निवासी गोरखा रेजीमेंट के जवान सूरज।
कोटद्वार। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में आतंकवादियों से हुई मुठभेड़ के दौरान उत्तराखंड के कोटद्वार के जवान सूरज शहीद हो गए। 25 वर्षीय सूरज सिंह नेगी गोरखा रेजीमेंट में तैनात थे और ड्यूटी के दौरान क्रॉस फायरिंग में गोली लगने से उन्होंने देश के लिए प्राण न्यौछावर कर दिए। घटना की सूचना मिलते ही उनके पैतृक गांव लालपुर वार्ड, कोटद्वार में शोक की लहर दौड़ गई।

आज पहुंचेगा पार्थिव शरीर
शुक्रवार को सेना की ओर से सूरज के परिवार को उनके निधन की सूचना दी गई। परिवार को बताया गया कि ड्यूटी के दौरान हुई मुठभेड़ में सूरज को गोली लगी, जिससे उनकी मौके पर ही दुखद मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार आज सूरज का पार्थिव शरीर कोटद्वार स्थित उनके घर पहुंचेगा, जहाँ पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

2021 में भर्ती हुए थे गोरखा रेजीमेंट में
सूरज वर्ष 2021 में गोरखा रेजीमेंट में भर्ती हुए थे। वे बीते 10 सितंबर को छुट्टी पूरी कर वापस ड्यूटी पर लौटे थे। मात्र कुछ हफ्ते पहले ही घर से लौटे इस युवा सैनिक की असमय शहादत ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। पड़ोसी और रिश्तेदार लगातार परिवार के घर पहुंचकर उन्हें सांत्वना दे रहे हैं।
क्षेत्र में शोक की लहर, लोग हुए भावुक
कोटद्वार नगर निगम के लालपुर वार्ड के पार्षद नेत्र सिंह असवाल ने बताया कि सूरज पुत्र प्रेम सिंह बहुत ही शांत, समर्पित और अनुशासित युवक थे। उनके शहीद होने की खबर सुनते ही पूरे इलाके में मातम छा गया। लोगों ने कहा कि सूरज ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान दिया, जो हमेशा याद किया जाएगा।
सेना और प्रशासन ने जताई संवेदना
सेना अधिकारियों ने सूरज की वीरता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उनके परिवार को सांत्वना दी है। प्रशासन की ओर से भी शहीद परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है। राज्य सरकार की ओर से रविवार को गौरव गार्ड ऑफ ऑनर (राजकीय सम्मान) दिए जाने की संभावना है।
वीर भूमि का एक और सपूत अमर हुआ
उत्तराखंड, जिसे वीरों की भूमि कहा जाता है, ने एक बार फिर अपना सपूत खो दिया। 25 वर्षीय सूरज की शहादत ने यह साबित कर दिया कि प्रदेश के नौजवान हर परिस्थिति में देश की सुरक्षा के लिए तत्पर हैं। उनकी बहादुरी और बलिदान को सदैव कृतज्ञता और गर्व के साथ याद किया जाएगा।
