शासकीय आवास में अधिकारियों की बैठक लेते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आगामी 09 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस पर पूरे प्रदेश में भव्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रमों में जन भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि हर नागरिक इस खास दिन का हिस्सा बन सके।

नन्दा राज जात यात्रा मार्ग पर फोकस
सीएम धामी ने कहा कि नन्दा राज जात यात्रा मार्गों के रख-रखाव और रात्रि पड़ावों पर अवस्थापना सुविधाओं के विकास की योजना जल्द तैयार की जाए। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और यात्रा का अनुभव सहज होगा।

आपदा राहत कार्यों की सराहना
हाल ही में आई आपदा पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्यों में अधिकारियों व संस्थानों की सक्रिय भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग भविष्य में भी इसी तरह तत्परता से काम करें।
यातायात दबाव और साफ-सफाई पर निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए ठोस कार्य योजना बनाई जाए। साथ ही साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए अभियान को सघनता से चलाने के आदेश दिए।
फ्लैगशिप योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा
सीएम धामी ने प्रदेश की फ्लैगशिप योजनाओं और कार्यक्रमों का पूरा ब्यौरा तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चल रहे निर्माण और मरम्मत कार्यों को गति दी जाए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गड्ढा मुक्त सड़क अभियान पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों से बार-बार सड़क संबंधी शिकायतें आ रही हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जाए और कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने 31 अक्टूबर तक पैचवर्क पूरा करने का सख्त आदेश दिया और अधिकारियों को सड़कों का भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मौजूद अधिकारी
बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, प्रमुख सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, सचिव विनय शंकर पांडेय, एडीजीपी एपी अंशुमान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी मौजूद रहे।
