सचिवालय में बैठक के दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में शुक्रवार को सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

छात्रा साक्षी का मामला उठा
बैठक में श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय, टिहरी की छात्रा साक्षी का मामला सामने आया। शिकायत के अनुसार, छात्रा ने हेल्पलाइन 1905 पर आवेदन किया था लेकिन इसके बावजूद उसे समय पर डिग्री नहीं दी गई।

सीएम धामी की नाराजगी
इस लापरवाही पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने सचिव आईटी और सचिव उच्च शिक्षा को एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छात्रा को एक सप्ताह में डिग्री देने का आदेश
मुख्यमंत्री ने आदेश दिया कि छात्रा को एक सप्ताह के भीतर डिग्री उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समस्या का समाधान तभी माना जाएगा, जब शिकायतकर्ता पूरी तरह से संतुष्ट हो।
विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में हेल्प डेस्क
सीएम धामी ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में हेल्प डेस्क बनाई जाए। इससे छात्रों को शिकायत दर्ज कराने और समाधान पाने में आसानी होगी।
विभागों को सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आदेश दिया कि हर माह की 5 तारीख तक हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त शिकायतों की रिपोर्ट सीएम कार्यालय में भेजी जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसी अधिकारी ने लापरवाही दिखाई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
