उत्तराखंड के काशीपुर में चावल के कट्टों में छिपाकर लाई गई 165 किलो गांजे की खेप पुलिस ने बरामद की, आरोपी विक्की गिरफ्तार।
काशीपुर। उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उधम सिंह नगर पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की। काशीपुर क्षेत्र में पुलिस ने एक कैंटर से 165 किलो गांजा बरामद किया। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि इस खेप की अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख रुपये है।

चावल के कट्टों में छिपा था गांजा
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आईटीआई थाना क्षेत्र में गांजे की बड़ी खेप पहुंच सकती है। सूचना के आधार पर लोहियापुल इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया गया। चेकिंग के दौरान नीले रंग के एक कैंटर (यूके 23 टी 4835) को रोका गया। चालक का घबराना पुलिस के लिए शक की वजह बना। तलाशी लेने पर वाहन में 231 चावल के कट्टे पाए गए। इनकी गहन जांच करने पर 9 कट्टों में 163 पैकेट गांजा बरामद हुए।

आरोपी की पहचान और कबूलनामा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्की (34 वर्ष), निवासी ग्राम भतगांव, थाना भगतपुर, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह उड़ीसा से गांजा लेकर आया था और काशीपुर के दढियाल इलाके में इसकी सप्लाई करने वाला था। उसने कबूल किया कि लंबे समय से वह चावल के कट्टों के जरिए नशे की तस्करी कर रहा था।
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है और अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
