पत्रकार राजीव प्रताप की मौत मामले में सीएम धामी ने विशेष जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के पत्रकार राजीव प्रताप 19 सितंबर से लापता थे। 28 सितंबर को पुलिस ने उनका शव बैराज से बरामद किया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया और पत्रकार जगत में गहरी शोक की लहर दौड़ गई।

मुख्यमंत्री धामी ने दिए निष्पक्ष जांच के आदेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता से देख रही है। उन्होंने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पत्रकार की मौत की असल वजह सामने लाने के लिए किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

DSP के नेतृत्व में विशेष जांच टीम
पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए डीएसपी उत्तरकाशी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की है। टीम हर कोण से मामले की पड़ताल करेगी और घटना से जुड़े सभी पहलुओं का गहराई से विश्लेषण करेगी।
DG सूचना ने दी सांत्वना
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने उत्तरकाशी पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और पत्रकार राजीव प्रताप के परिजनों से बातचीत की। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा दिलाया।
