मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छात्रों से संवाद और विश्वास की राह पर चलने की अपील की।
देहरादून। उत्तराखण्ड में चल रहे छात्रों के आंदोलन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल को छू लेने वाला संदेश दिया। सीएम धामी ने कहा कि अलग राज्य का सपना हमारे शहीदों और आंदोलनकारियों ने इसलिए साकार किया था ताकि यहां के हर बेटे-बेटी का जीवन बेहतर हो और किसी का भी अहित न हो। उन्होंने कहा कि आज जब हमारे कुछ बच्चे सड़कों पर हैं, तो मैं उनसे यही कहना चाहता हूं कि वे भी हमारे अपने हैं, हमारे परिवार का हिस्सा हैं।

हर आवाज़ को सुनना मेरा दायित्व- धामी
सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश का मुख्य सेवक होने के नाते हर आवाज़ को सुनना, हर पीड़ा को समझना और हर दिल तक पहुँचना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने आंदोलन कर रहे युवाओं को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी समस्याओं का समाधान खोजने के लिए पूरी तरह गंभीर है।

नकल माफिया पर सख्त कार्रवाई का ऐलान- धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 में उत्तराखण्ड देश का सबसे पहला सख्त नकल विरोधी कानून लेकर आया था। इसके बावजूद कुछ लोग कानून का उल्लंघन करते हैं। सीएम ने चेतावनी दी कि ऐसे नकल माफिया और उनके संरक्षणकर्ताओं को इस बार ऐसा सबक सिखाया जाएगा, जो वे जिंदगी भर याद रखेंगे।
हम सब एक परिवार हैं- धामी
सीएम धामी ने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि किसी के साथ भेदभाव या मनभेद की भावना हमारे मन में कभी नहीं रही। हम सब एक परिवार हैं और परिवार का उद्देश्य परिवार के सभी सदस्यों का कल्याण करना है। उन्होंने छात्रों से संवाद और विश्वास की राह पर आगे बढ़ने की अपील की। सीएम ने कहा कि सरकार का विकल्प रहित संकल्प है कि मिलकर उत्तराखण्ड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाया जाएगा।
