यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले की SIT जांच के दौरान खालिद के घर पर देर रात छापेमारी
हरिद्वार। यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में SIT की जांच अब तेजी से आगे बढ़ रही है। SIT प्रमुख जया बलूनी रविवार देर रात टीम के साथ आरोपित खालिद के घर हरिद्वार पहुंचीं।

तीन घंटे तक सख्त पूछताछ
टीम ने खालिद के परिवार के सदस्यों से करीब तीन घंटे तक सख्त पूछताछ की। इस दौरान खालिद की बहन और पिता से अलग-अलग सवाल-जवाब किए गए। SIT ने घर की तलाशी ली और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए।

शैक्षिक प्रमाणपत्र नहीं सौंपे, आगे भी होगी पूछताछ
SIT प्रमुख जया बलूनी ने बताया कि खालिद की बहन की ओर से मांगे गए शैक्षिक प्रमाणपत्र अब तक नहीं सौंपे गए हैं। जब तक सभी बयानों में समानता नहीं आती और जरूरी दस्तावेज नहीं मिल जाते, तब तक पूछताछ का सिलसिला जारी रहेगा।
इलाके में फैली सनसनी, सुरक्षा कड़ी
देर रात हुई इस कार्रवाई से इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
