सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 25 हजार पारदर्शी सरकारी नियुक्तियों के बाद अब 10 हजार नई भर्तियों का रोडमैप जारी किया
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि उत्तराखण्ड सरकार ने छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर अब तक का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। उन्होंने बताया कि इस कानून के तहत 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है और बीते चार वर्षों में 25,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ दी गई है।

भविष्य के लिए सख्त चेतावनी
सीएम धामी ने साफ कहा कि हमारे जीते जी उत्तराखण्ड के छात्रों के साथ किसी भी तरह का अन्याय नहीं होगा। आने वाली परीक्षाओं में जो भी व्यक्ति नकल में शामिल होगा, उसके खिलाफ सबसे कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सरकार छात्रों के हित में लिए जाने वाले फैसलों में एक प्रतिशत भी पीछे नहीं हटेगी।

नई नियुक्तियों का रोडमैप
मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि अगले एक साल में 10,000 नई नियुक्तियां की जाएंगी, जिनका कैलेंडर पहले ही जारी कर दिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ये सभी नियुक्तियां पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराई जाएंगी और छात्रों के भविष्य के साथ कोई भी खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
छात्रों के लिए धामी का संकल्प
सीएम धामी ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य है कि हर छात्र को उसकी मेहनत का सही फल मिले और किसी भी प्रकार की नकल या भ्रष्टाचार की गुंजाइश न रहे।
