सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में जीएसटी बचत उत्सव में कारोबारियों से मुलाकात कर टैक्स दरों में कमी के लाभ बताए
हरिद्वार। हरिद्वार के हर की पैड़ी बाजार में आयोजित जीएसटी बचत उत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने कारोबारियों और आम लोगों से संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे आर्थिक सुधार समाज के हर वर्ग तक पहुँच रहे हैं।

जीएसटी दरों में कमी से बढ़ेगी आर्थिक गति
सीएम धामी ने कहा कि जीएसटी की घटाई गई दरें न केवल कारोबारियों को राहत देंगी, बल्कि इससे प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव भी आएगा। व्यापारियों ने ‘घटी जीएसटी मिला उपहार- धन्यवाद मोदी सरकार’ जैसे बैनर लगाकर सरकार के फैसले का स्वागत किया।

व्यापारियों के साथ सीएम का संवाद
मुख्यमंत्री ने स्वयं विभिन्न दुकानों पर जन-जागरूकता स्टिकर लगाए और व्यापारियों को फूल भेंट कर कहा कि वे आम लोगों तक जीएसटी सुधारों की जानकारी पहुँचाएँ और घटी दरों का लाभ ग्राहकों तक पहुँचाने को सुनिश्चित करें।
स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा
सीएम धामी ने लोगों से स्वदेशी उत्पाद अपनाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल स्थानीय उत्पादकों को बढ़ावा मिलेगा बल्कि रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और आयात पर निर्भरता कम होगी।
कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य
कार्यक्रम में विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्ता, मेयर किरण जैसल, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
