रुद्रपुर छात्रसंघ नामांकन फायरिंग कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर। 24 सितंबर को रुद्रपुर डिग्री कॉलेज गेट पर छात्रसंघ अध्यक्ष पद के नामांकन के दौरान दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि गोलीबारी और गाली-गलौज तक हो गई। फायरिंग की घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी। पुलिस के पहुँचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस की सख्त कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के सख्त निर्देशों पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। सीसीटीवी फुटेज, गवाहों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

घेराबंदी कर पुलिस ने ब्लॉक रोड रुद्रपुर और किच्छा रोड से तीन शातिर अपराधियों रखवीर सिंह, दानिश और गुरपेज सिंह को दबोच लिया। इनमें से दानिश से एक अवैध तमंचा भी बरामद किया गया।
मुकदमा दर्ज, अन्य आरोपी नामजद
इस मामले में थाना रुद्रपुर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में जस्सी कचूरा, मनप्रीत उर्फ गोपी, अभय सक्सैना समेत दर्जनों अन्य आरोपी भी नामजद हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि पकड़े गए अपराधियों से पूछताछ जारी है। घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
