ऋषिकेश में बजरंग सेतु के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते उत्तराखंड पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज
ऋषिकेश। ऋषिकेश में 2019 से निर्माणाधीन बजरंग सेतु का काम अब तक पूरा नहीं हो सका है। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने आज सेतु और आसपास के गंगा घाटों का निरीक्षण किया। लेकिन पुल के निर्माण में हो रही देरी पर अब सवाल उठने लगे हैं।

मंत्री का बयान बना चर्चा का विषय
निरीक्षण के बाद जब मंत्री सतपाल महाराज से सेतु के निर्माण कार्य की समाप्ति की तारीख पूछी गई, तो उन्होंने कहा कि मैं कोई ज्योतिष नहीं हूं जो यह सब बता सकूं। मंत्री का यह बयान सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।

टेक्निकल खामियों के चलते बंद हुआ था लक्ष्मण झूला
बता दें कि 2019 में टेक्निकल खामियों के चलते लक्ष्मण झूला पुल को बंद कर दिया गया था। उसी के समीप 68 करोड़ 86 लाख की लागत से बजरंग सेतु का निर्माण कार्य शुरू किया गया था।
निर्माण कार्य तेज, लेकिन देरी बरकरार
हालांकि युद्ध स्तर पर काम चल रहा है और जल्द ही निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है, लेकिन छह साल बाद भी पुल का अधूरा होना सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोग कर रहे नाराजगी व्यक्त
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल का जल्द निर्माण पूरा होना बेहद जरूरी है क्योंकि यह क्षेत्र पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
