फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के लिए पांच दिवसीय एक्टिंग कार्यशाला का उद्घाटन
देहरादून। उत्तराखण्ड में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने के उद्देश्य से सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के सभागार में पांच दिवसीय एक्टिंग कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन नेक्स्ट लेवल और संभव कला मंच द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

मुख्य अतिथियों ने किया दीप प्रज्वलन
कार्यक्रम का उद्घाटन महानिदेशक सूचना एवं सी.ई.ओ. उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद बंशीधर तिवारी, सुप्रसिद्ध कास्टिंग डायरेक्टर एवं प्रोड्यूसर पराग मेहता, अपर निदेशक उद्योग शिखर सक्सेना और नोडल अधिकारी डॉ. नितिन उपाध्याय द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

नई फिल्म नीति से मिलेगी बढ़त
मुख्य अतिथि बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नई फिल्म नीति के चलते उत्तराखण्ड में फिल्म उद्योग को नई दिशा मिल रही है। उन्होंने बताया कि अन्य राज्यों की तुलना में उत्तराखण्ड सरकार द्वारा अनुदान राशि ज्यादा दी जा रही है।
बॉलीवुड डायरेक्टर पराग मेहता का अनुभव मिलेगा स्थानीय कलाकारों को
पराग मेहता ने कहा कि उत्तराखण्ड की खूबसूरत लोकेशन फिल्मों के लिए आदर्श हैं। उनका प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक फिल्में उत्तराखण्ड में शूट हों, जिससे स्थानीय कलाकारों को रोजगार और अवसर मिल सकें।
उद्योग और फिल्म विकास परिषद का सहयोग
अपर निदेशक उद्योग श्री शिखर सक्सेना ने बताया कि फिल्म उद्योग को अनुकूल माहौल देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को और आसान बनाया गया है। वहीं डॉ. नितिन उपाध्याय ने कहा कि नई फिल्म नीति के जरिए स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन राशि और अनुदान की सुविधा दी जा रही है।
कार्यक्रम का संचालन और प्रतिभागी
कार्यक्रम का संचालन संभव कला मंच के अभिषेक मैंदोला ने किया। इस अवसर पर नेक्स्ट लेवल से संजय बिष्ट, रजत कुमार, नियो फरर्स्वाण और संभव कला मंच से अनुराग जोशी, देवशाली, सुधीर, कुणाल शमशेर मल्ला समेत अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।
