मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने नंदादेवी राजजात यात्रा 2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक में दिए अहम निर्देश
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में नंदादेवी राजजात यात्रा 2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी चमोली को निर्देश दिया कि सभी विभागों और स्टेकहोल्डर्स के साथ समन्वय कर संपूर्ण यात्रा के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जल्द तैयार की जाए।

यात्रा की ऐतिहासिकता और मौलिकता बनी रहे
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि नंदादेवी राजजात यात्रा की ऐतिहासिकता, विशिष्टता और मौलिकता से किसी तरह की छेड़छाड़ न की जाए। उन्होंने यात्रा की डॉक्यूमेंट्री तैयार करने और मार्गों की स्थिति की समीक्षा के लिए तुरंत रेकी कराने के निर्देश दिए।

मार्ग और पड़ाव की दुरुस्ती, टैंट व स्वास्थ्य सुविधाएं प्राथमिकता पर
बैठक में निर्णय लिया गया कि यात्रा मार्ग और पड़ावों को तुरंत दुरुस्त किया जाए और टैंट समेत सभी अस्थायी सुविधाएं प्राथमिकता पर उपलब्ध कराई जाएं। मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य विभाग को हर पड़ाव पर स्वास्थ्य अधिकारी, दवाइयां, पोर्टेबल ऑक्सीजन और मेडिकल उपकरण उपलब्ध कराने के आदेश दिए।
विद्युतीकरण, स्वच्छता और वेस्ट मैनेजमेंट पर जोर
मुख्य सचिव ने मार्गों का विद्युतीकरण, भीड़ प्रबंधन, खाद्य सामग्री, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता प्रबंधन पर फोकस करते हुए समावेशी एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने वेस्ट मैनेजमेंट, सेप्टिक और सेनिटेशन मैनेजमेंट प्लान को भी जल्द तैयार करने की बात कही।
बैठक में शामिल अधिकारी
बैठक में एपीसीसीएफ कपिल लाल, सचिव विनोद कुमार सुमन, धीराज सिंह गर्ब्याल, सी. रविशंकर, अपर सचिव विनीत कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
