ई-चालान में चौंकाने वाली गलती, काशीपुर में स्कूटी का चालान खटीमा निवासी को भेजा गया।
खटीमा। उत्तराखंड के ई-चालान सिस्टम में चौंकाने वाली गड़बड़ी सामने आई है। काशीपुर में बिना हेलमेट स्कूटी चलाने पर चालान हुआ, लेकिन चालान का मैसेज खटीमा के निवासी उग्रसेन को भेज दिया गया। उग्रसेन के पास स्कूटी नहीं बल्कि बाइक है और उनका कहना है कि वह कभी काशीपुर गए ही नहीं।

पहले नजरअंदाज किया, फिर बढ़ी चिंता
उग्रसेन के मोबाइल पर 23 जून 2025 को पहला चालान मैसेज आया। उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया, लेकिन 11 सितंबर 2025 को दूसरा मैसेज आया, जिसमें 10 दिन में चालान भरने का नोटिस दिया गया। इसके बाद वह सीधे पुलिस के पास पहुंचे।

जांच में सामने आई गड़बड़ी
ऑनलाइन दस्तावेज देखने पर पता चला कि काशीपुर में बिना हेलमेट एक महिला स्कूटी चलाती दिख रही है। स्कूटी का नंबर UK 06 Z 1319 है, जो उग्रसेन की बाइक का भी नंबर है। अब सवाल यह उठता है कि क्या एक ही नंबर के दो वाहन सड़क पर चल रहे हैं?
पीड़ित की गुहार
उग्रसेन ने जिलाधिकारी, एसएसपी और परिवहन विभाग को पत्र भेजकर न्याय की मांग की है। उनका कहना है कि जो स्कूटी सवार महिला है, उसी से चालान की वसूली की जाए।
4,500 रुपये का आया चालान
- बिना हेलमेट: 1,000
- बिना डीएल: 2,500
- बिना बीमा: 1,000
कुल मिलाकर 4,500 का ई-चालान पीड़ित को भेजा गया है।
भविष्य में हो सकता है नंबर का दुरुपयोग
उग्रसेन ने आशंका जताई है कि यदि सड़क पर एक ही नंबर की दो गाड़ियां हैं, तो भविष्य में किसी बड़े अपराध में भी नंबर का दुरुपयोग हो सकता है। इसलिए जल्द जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
