UKSSSC पेपर लीक मामले में खालिद गिरफ्तार, SIT कर रही सभी पहलुओं की जांच।
देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग से जुड़े UKSSSC पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी खालिद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पहले ही उसकी बहन साबिया को गिरफ्तार कर चुकी थी।

कैसे हुआ पेपर लीक?
जांच में खुलासा हुआ है कि खालिद परीक्षा शुरू होने से एक दिन पहले यानी 20 तारीख को चोरी-छिपे परीक्षा केंद्र पहुंचा था। वहां उसने एक मोबाइल फोन छुपाकर रख दिया। इसी फोन से परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र की तस्वीरें ली गईं और खालिद ने ये तस्वीरें अपनी बहन साबिया को भेजीं।

साबिया और सुमन की भूमिका
पुलिस के अनुसार, साबिया ने ये तस्वीरें टिहरी जिले में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन को भेजीं ताकि वह प्रश्नों के उत्तर तैयार कर सके।
लेकिन सुमन को शक होने पर उसने ही ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं। इसके बाद खालिद डर के मारे दिल्ली भाग गया।
तकनीकी जांच भी जारी
पुलिस के अनुसार, परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगे होने के बावजूद तस्वीरें कैसे बाहर गईं, यह एक बड़ी गुत्थी बनी हुई है। एसआईटी ने इस मामले की पारदर्शी जांच के लिए आधिकारिक ईमेल और टोल-फ्री नंबर जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है।
पूरी जांच SIT को सौंपी गई
मामले की गहराई से जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। तकनीकी पहलुओं समेत हर एंगल से जांच की जा रही है।
