रामलीला मंडली के कलाकारों ने ऋषिकेश कोतवाली के बाहर मंचन कर पुलिस पर साधा निशाना
ऋषिकेश। नगर में निकाली जाने वाली राम बरात की अनुमति नहीं मिलने पर रामलीला मंडली के कलाकारों ने बुधवार को कोतवाली में जमकर हंगामा किया। राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के किरदार निभा रहे कलाकार सीधे कोतवाली पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठ गए।

कोतवाली के बाहर हुआ रामलीला का मंचन
धरना दे रहे कलाकारों के साथ रावण का किरदार निभा रहे कलाकार ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। देखते ही देखते कोतवाली के बाहर ही मंच सजा और रामलीला का मंचन शुरू हो गया। इस अनोखे विरोध को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

पुलिस के हाथ-पांव फूले
अचानक हुई इस अनोखी रामलीला से पुलिसकर्मी भी सकते में आ गए। जैसे ही मामला बढ़ने लगा, पुलिस के हाथ-पांव फूलने लगे और स्थिति संभालने में उन्हें खासी मशक्कत करनी पड़ी।
मुकदमों और परमिशन की समस्या से परेशान कलाकार
कमेटी सदस्यों का आरोप है कि कुछ राजनीतिक रसूखदार लोग उनकी संपत्ति पर कब्जा करने की नीयत से सरकार को गुमराह कर रहे हैं। इसी दबाव के चलते रामलीला के आयोजन, राम बारात निकालने और दशहरे पर रावण दहन की अनुमति नहीं दी जा रही है।
मुख्यमंत्री से न्याय की अपील
कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर पूरा भरोसा है। उन्होंने मांग की कि सरकार जल्द हस्तक्षेप करे, षड्यंत्रकारियों पर सख्त कार्रवाई हो और कलाकारों व पदाधिकारियों पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस लिए जाएं।
राम बरात की अनुमति की मांग
रामलीला मंडली के कलाकारों ने नगर में राम बरात निकालने की अनुमति देने की मांग की और कहा कि रामलीला के आयोजन में किसी भी तरह की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी।
