काशीपुर में ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद के बाद बयान देते सीएम पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। उत्तराखंड में ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। यूपी के कानपुर से शुरू हुआ यह मामला अब काशीपुर में बड़ा बवाल बन चुका है। यहां कुछ लोगों ने ‘आई लव मोहम्मद’ नारे लगाते हुए जुलूस निकाला, पुलिस पर पथराव किया और कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश की।

पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
काशीपुर में पुलिस ने इस मामले में सख्ती दिखाते हुए तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है, जबकि 500 अज्ञात लोगों पर भी केस दर्ज किया गया है।

सीएम धामी का सख्त संदेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, “जो भी कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। वनभूलपूरा में भी कुछ लोगों ने दंगा भड़काने की कोशिश की थी, इसलिए हमने दंगा विरोधी कानून लाया है।”
नुकसान की भरपाई दंगाइयों से होगी
सीएम धामी ने कहा कि दंगा विरोधी कानून के तहत सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वालों से पूरी भरपाई वसूली जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि काशीपुर में भी दंगा भड़काने वालों के खिलाफ कानून अपना काम कर रहा है।
