हल्द्वानी में सड़क निर्माण की लापरवाही पर कार्रवाई के आदेश देतीं डीएम वंदना
हल्द्वानी। शहर के देवलचौड़ चौराहे पर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने रात में ही सड़क का डामरीकरण किया, लेकिन सुबह होते-होते इसी सड़क को पानी की लाइन डालने के लिए खोद दिया गया। यह मामला जिलाधिकारी वंदना के संज्ञान में आया तो उन्होंने तुरंत कार्रवाई की।

डीएम ने दी कड़ी चेतावनी
डीएम वंदना ने कहा कि यह गंभीर लापरवाही है। पानी की लाइन डालने के लिए संबंधित संस्था ने पहले से PWD से NOC ली थी, बावजूद इसके सड़क का डामरीकरण कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अफसर के वेतन से होगी राशि वसूली
डीएम ने निर्देश दिए कि सड़क निर्माण पर खर्च की गई राशि जिम्मेदार अधिकारी के वेतन से वसूली जाए। साथ ही, उसे एक प्रतिकूल प्रविष्टि भी दी जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा न हो।
जांच के आदेश और उच्चाधिकारियों को सूचना
अधीक्षण अभियंता PWD नैनीताल को तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने इस आदेश की कॉपी सचिव लोक निर्माण विभाग और सचिव मुख्यमंत्री को भी भेज दी है, ताकि मामले की पूरी जानकारी उच्च स्तर पर रहे।
अधीक्षण अभियंता का आश्वासन
अधीक्षण अभियंता ने डीएम को आश्वस्त किया कि इस लापरवाही में शामिल अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और भुगतान सरकारी धनराशि से नहीं किया जाएगा।
