आपदा प्रभावित गांवों में ग्रामीणों के संग भोजन करते डीएम सविन बंसल
देहरादून। हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित इलाकों का जिलाधिकारी सविन बंसल ने दौरा किया। इस दौरान वे फुलेत, छमरोली, सिमयारा और क्यारा गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों से उनकी समस्याएं सुनीं। डीएम ने मौके पर मौजूद जिला स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि राहत और पुनर्वास कार्यों में कोई देरी न हो।

ग्रामीणों संग जमीन पर बैठकर किया भोजन
भ्रमण के दौरान जब ग्रामीणों ने डीएम से उनके साथ भोजन करने का आग्रह किया, तो जिलाधिकारी सविन बंसल ने बिना किसी औपचारिकता के जमीन पर बैठकर ग्रामीणों के संग सामूहिक भोजन किया। इस कदम ने ग्रामीणों के दिलों को छू लिया।

हर समस्या का होगा एक ही छत के नीचे समाधान
डीएम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि गांव में जल्द ही बहुउद्देशीय शिविर लगाया जाएगा। इस शिविर में स्वास्थ्य, बिजली, पानी, राशन जैसी समस्याओं का समाधान एक ही जगह पर किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को बार-बार चक्कर न काटने पड़ें।
राहत और पुनर्वास कार्य में कोई ढिलाई नहीं
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन हर समय आपदा प्रभावित परिवारों के साथ है। सभी विभागों को राहत सामग्री, मुआवजा और अन्य जरूरी मदद तुरंत उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। राहत कार्यों की मॉनिटरिंग लगातार की जा रही है, ताकि किसी भी परिवार को मदद पाने में दिक्कत न हो।
