आपदा प्रभावित गांवों का दौरा कर पीड़ितों से मिले सीएम पुष्कर सिंह धामी
चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नंदानगर क्षेत्र के कुंतारी लगा फाली, कुंतारी लगा सरपाणी, धुर्मा, मोख, कुंडी, बांसबारा और मोखमल्ला गांवों का हवाई सर्वेक्षण कर आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

5-5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक प्रदान किए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए सरकार पूरी क्षमता से कार्य कर रही है।

राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी के निर्देश
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में बिजली और पानी की आपूर्ति, सड़क संपर्क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को जल्द से जल्द बहाल किया जाए ताकि जनजीवन सामान्य हो सके।
जिलाधिकारी ने दी आपदा की जानकारी
जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी ने बताया कि अब तक 45 भवन और 15 गौशालाएं पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। 8 पशुओं की मौत हुई है और 40 पशु लापता हैं। राहत और बचाव कार्य निरंतर जारी है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार और एसडीएम आरके पाण्डेय सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
