सचिवालय में सीएम पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय दिशा समिति की बैठक
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में राज्य स्तरीय दिशा समिति की पहली बैठक हुई। बैठक में कृषि, ग्रामीण विकास, शहरी विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, पर्यावरण और खेल से जुड़ी योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

क्रियान्वयन में तेजी और पारदर्शिता पर जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

डिजिटल तकनीक का अधिकतम उपयोग
सीएम धामी ने कहा कि आधुनिक तकनीक से योजनाओं की निगरानी आसान होगी और सूचनाओं की त्वरित उपलब्धता से काम में तेजी आएगी। उन्होंने अधिकारियों को डिजिटल टूल्स का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए।
कृषि और सौर ऊर्जा पर विशेष फोकस
कृषि क्षेत्र में प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत सौर ऊर्जा आधारित पंपों की स्थापना पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे किसानों को सिंचाई सुविधा के साथ ऊर्जा आत्मनिर्भरता भी मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी।
दुर्गम गांवों तक सड़क सुविधा
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत शेष गांवों को शीघ्र सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क से दुर्गम इलाकों के लोगों को बेहतर सुविधाएं और आर्थिक अवसर मिलेंगे।
जनप्रतिनिधियों और जनता की भागीदारी
सीएम धामी ने कहा कि योजनाओं की सफलता के लिए जनप्रतिनिधियों और स्थानीय जनता की भागीदारी जरूरी है। अधिकारियों को नियमित संवाद कर योजनाओं की प्रगति साझा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में शामिल हुए नेता और अधिकारी
बैठक में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर, रेनू बिष्ट, सुरेश गढ़िया सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
