पिथौरागढ़ में प्रशासन ने सीमित संख्या में आदि कैलाश यात्रा परमिट जारी करने का फैसला लिया।
पिथौरागढ़। आदि कैलाश यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने अहम निर्णय लिया है। मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने आज से पोर्टल खोलने का ऐलान किया है।

सिर्फ सीमित संख्या में जारी होंगे परमिट
प्रशासन ने साफ किया है कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आज से केवल सीमित संख्या में ही इनर लाइन परमिट (ILP) जारी किए जाएंगे।

संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा
अधिकारियों के अनुसार यात्रा मार्ग के कई हिस्सों पर भूस्खलन और चट्टान गिरने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन ने तय किया है कि परमिट सिर्फ उन्हीं यात्रियों को दिए जाएंगे, जो पहले से पिथौरागढ़ पहुंच चुके हैं।
यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
उपजिलाधिकारी धारचूला (वर्तमान चार्ज) मंजीत सिंह ने बताया कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जाएगा।
टूर ऑपरेटरों को दी हिदायत
प्रशासन ने टूर ऑपरेटरों से भी अपील की है कि वे नई बुकिंग करने से पहले मौसम की जानकारी और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों की पुष्टि जरूर कर लें। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित यात्रा अनुभव दिलाना फिलहाल मुख्य लक्ष्य है।
