SDRF और पुलिस की टीम टोंस नदी में ट्रैक्टर हादसे के बाद सर्च ऑपरेशन चलाती हुई
देहरादून। देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। परवल गांव के पास एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर टोंस नदी में गिर गया। ट्रैक्टर में 14-15 लोग सवार थे, जिनके बह जाने की आशंका है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

SDRF और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन
थाना सेलाकुई से सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट डाकपत्थर की टीम, अपर उपनिरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में, राहत उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। SDRF और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

अब तक आठ शव बरामद
तेजी से चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान अब तक आठ शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें से पांच शव SDRF ने और तीन शव जिला पुलिस ने निकाले। हादसे के बाद से ही नदी के किनारे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कुछ लोग बचे, कई अब भी लापता
दुर्घटना में दो लोग किसी तरह नदी से बाहर निकलने में सफल रहे। वहीं सर्चिंग के दौरान पहले से लापता एक बालक का शव भी बरामद हुआ। अभी भी कई लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में SDRF, पुलिस और गोताखोर लगातार जुटे हुए हैं।
व्यापक तलाशी अभियान जारी
SDRF टीम ने सहसपुर से लेकर हरबर्टपुर धर्मावाला पुल तक नदी के पूरे क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया है। स्थानीय लोग भी राहत कार्य में SDRF और पुलिस का साथ दे रहे हैं।
