SDRF और NDRF की टीम ने नदी में फंसे व्यक्ति को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला
देहरादून। देहरादून के प्रेमनगर के ठाकुरपुर इलाके में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक व्यक्ति शौच के लिए नदी किनारे गया था, तभी अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और वह बीच में ही फंस गया।

बिजली के खंभे पर चढ़कर बचाई जान
जान बचाने के लिए उस शख्स ने तुरंत पास में लगे बिजली के खंभे पर चढ़कर अपनी जान बचाई। काफी देर तक वह वहीं जिंदगी और मौत के बीच झूलता रहा।

SDRF और NDRF की टीम ने किया रेस्क्यू
सूचना मिलने पर SDRF और NDRF की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान इलाके में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। NDRF यूनिट के जांबाज जवान मनमोहन सिंह रावत (निसासी मोरी, उत्तरकाशी) ने शख्स की जान बचाकर एक बार फिर अपने साहस का परिचय दिया। विकट परिस्थितियों में मनमोहन सिंह रावत ने अपनी जान की परवाह न करते हुए युवक का रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।
सिल्क्यारा सुरंग रेस्क्यू में भी निभाई थी अहम भूमिका
मनमोहन सिंह रावत वही जांबाज हैं जिन्होंने उत्तरकाशी के सिल्क्यारा सुरंग हादसे में फंसे मजदूरों को बचाने में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
पूरा प्रदेश गर्व महसूस कर रहा है
मनमोहन सिंह रावत सहित NDRF और SDRF की पूरी टीम पर आज पूरा प्रदेश गर्व महसूस कर रहा है। हर साल होने वाली आपदाओं के दौरान ये जांबाज अपनी जान हथेली पर रखकर राहत व बचाव कार्यों में जुटे रहते हैं।
