पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट गांव में वन विभाग की कार्रवाई से गुलदार पिंजरे में कैद
पौड़ी गढ़वाल। पौड़ी गढ़वाल के पोखड़ा रेंज के श्रीकोट गांव में मंगलवार सुबह वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। यह वही क्षेत्र है जहां कुछ दिन पहले गुलदार के हमले में एक चार वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई थी।

प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त मुहिम
घटना के बाद प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और वन विभाग ने मिलकर त्वरित कार्रवाई की। गांव में तीन पिंजरे लगाए गए, ड्रोन कैमरे और ट्रैप कैमरे स्थापित किए गए और ट्रेंकुलाइजिंग की अनुमति लेकर स्नाइपर तैनात किए गए।

कैसे हुआ गुलदार कैद?
डीएफओ जीवन मोहन दगाड़े ने बताया कि गुलदार घटनास्थल से लगभग 30 मीटर की दूरी पर लगाए गए पिंजरे में कैद हुआ। वन विभाग की टीम ने लगातार गश्त करते हुए इस अभियान को सफल बनाया।
अब होगा स्वास्थ्य परीक्षण
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गुलदार का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा और उसकी उम्र व लिंग की जानकारी जुटाई जाएगी। यह भी जांचा जाएगा कि वह आदमखोर है या नहीं।
