देहरादून-नैनीताल समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, भूस्खलन में युवक की मौत
देहरादून। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तराखंड के कई जिलों के लिए भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार देहरादून, नैनीताल, चमोली, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में 17 और 18 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है।

देहरादून में मची तबाही
देहरादून में बीती रात से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। विकासनगर के कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर जजरेड भूस्खलन जोन में एक बड़ा हादसा हुआ, जिसमें पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में दो युवक आ गए।

भूस्खलन में एक युवक की मौत, दूसरा घायल
हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक विनय गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक कालसी से साहिया की ओर जा रहे थे, जब यह हादसा हुआ। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों से सतर्क रहने की अपील की है और नदी-नालों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
