जन्मदिन पर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए CM पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने 50वें जन्मदिवस पर कोई समारोह नहीं किया। उन्होंने सुबह से ही प्रदेश में आई आपदाओं का जायजा लिया। तड़के ही जिलाधिकारियों से आपदा की जानकारी ली और राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मालदेवता क्षेत्र में नुकसान का किया निरीक्षण
सुबह 9 बजे से पहले ही मुख्यमंत्री देहरादून के मालदेवता क्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने ट्रैक्टर पर सवार होकर आपदा से प्रभावित जगहों का निरीक्षण किया और राहत सामग्री व हर संभव सहायता पहुंचाने का आदेश दिया।

वर्चुअल माध्यम से जनता से संवाद
शासकीय आवास से ही मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर की तहसीलों में आयोजित ‘तहसील दिवस’ में वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। उन्होंने जनता की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को हर शिकायत का समय पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
PM मोदी और गृह मंत्री ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और अन्य कई केंद्रीय मंत्रियों व राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने CM धामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं भेजीं। PM मोदी ने उन्हें उत्तराखंड के विकास का अहम स्तंभ बताया।
अन्य नेताओं ने भी दी बधाई
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, राज्यपाल गुरमीत सिंह, यूपी के CM योगी आदित्यनाथ, गोवा के CM प्रमोद सावंत, राजस्थान के CM भजनलाल शर्मा, एमपी के CM डॉ. मोहनलाल यादव और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला सहित कई नेताओं ने शुभकामनाएं दीं।
