परवल क्षेत्र में आसन-टोंस नदी के तेज बहाव में बहा ट्रैक्टर, मौके पर SDRF की टीम
देहरादून। देहरादून जिले के परवल क्षेत्र में आसन और टोंस नदी के संगम स्थल पर सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। तेज बहाव के बावजूद कुछ लोग ट्रैक्टर ट्राली सहित नदी में उतर गए। तेज बहाव में ट्रैक्टर और उस पर सवार कई लोग देखते ही देखते पानी में बह गए।

चीख-पुकार से गूंजा इलाका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नदी के किनारे खड़े लोग हादसे को देखकर दहशत में आ गए। ट्रैक्टर पानी के बीच पलटियाँ खाता रहा, जबकि लोग मदद के लिए चिल्लाते रहे। कुछ लोग तैरकर किसी तरह किनारे पहुंचे, लेकिन कई लोग अब भी लापता हैं।

मदद का इंतजार करते रहे लोग
घंटों तक लोग ट्रैक्टर पर फंसे रहे और मदद का इंतजार करते रहे, लेकिन तेज बहाव के कारण कोई भी पास नहीं पहुंच सका। बाद में ट्रैक्टर ट्राली सहित लोग तेज धारा में बह गए।
प्रशासन और रेस्क्यू टीम अलर्ट
सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, लेकिन नदी के तेज बहाव के कारण राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी के पास जाने से बचने की अपील की है।
