क्वारब की बदहाली पर अल्मोड़ा में मशाल जुलूस निकालते व्यापारी
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर क्वारब की खस्ताहाल स्थिति से परेशान व्यापारियों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। नगर के व्यापारी शाम को नंदा देवी मंदिर में जुटे और वहां से मशाल जुलूस निकालकर शासन-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

मशाल जुलूस से गूंजा शहर
जुलूस लाला बाजार, कचहरी बाजार, थाना बाजार होते हुए कैंट क्षेत्र तक पहुंचा। इसमें व्यापारियों के साथ-साथ ट्रांसपोर्टर और स्थानीय लोग भी शामिल हुए। विधायक मनोज तिवारी ने भी आंदोलन का समर्थन किया। व्यापारियों ने कहा कि एक साल से क्वारब की समस्या जस की तस बनी हुई है, जबकि रात में यातायात पूरी तरह से बंद है और अब दोपहर में भी भारी वाहनों पर रोक लगा दी गई है।

व्यापार पर पड़ा असर, महंगे हुए सामान
व्यापारियों ने कहा कि लंबे रास्ते से फेरे लगाने पड़ने के कारण सामान की कीमतें बढ़ रही हैं। रात में यातायात बंद होने से जरूरी सामान की सप्लाई में भी दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने मांग की कि रात में आवागमन बहाल किया जाए और भारी वाहनों की आवाजाही के लिए पुख्ता व्यवस्था की जाए।
अधूरे प्रोजेक्ट पर उठे सवाल
व्यापारियों ने कहा कि हिल साइड ट्रीटमेंट के लिए 52 करोड़ रुपये मंजूर हुए थे, लेकिन काम अधूरा है। रिवर साइड पर 17 करोड़ की लागत से बनी सुरक्षा दीवार में दरारें पड़ चुकी हैं, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
टैक्सी चालकों का भी विरोध तेज
सोमवार को टैक्सी यूनियन ने प्रेस वार्ता कर कहा कि रात में आवागमन बंद रहने और दिन में भी दिक्कतें होने से टैक्सी व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पर्यटकों की कमी से टैक्सी चालकों की रोजी-रोटी पर असर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से तुरंत स्थायी समाधान की मांग की।
