6 सितंबर से शुरू हुई चारधाम यात्रा का दूसरा चरण, 15 सितंबर से हेली सेवाएं सुचारु होने की उम्मीद
देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का दूसरा चरण 6 सितंबर से शुरू हो गया है। शुरुआती दिनों में खराब मौसम के कारण यात्रा को 5 सितंबर तक रोका गया था। अब बाबा केदारनाथ, बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की यात्रा पूरी तरह सुचारु रूप से चल रही है।

सड़क मार्गों पर मरम्मत कार्य जारी
गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय ने बताया कि गंगोत्री और यमुनोत्री मार्ग पर अभी भी कुछ सड़क संबंधी दिक्कतें बनी हुई हैं। फिलहाल छोटे वाहन इन मार्गों से गुजर पा रहे हैं, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

15 सितंबर से हेली सेवाएं शुरू होंगी
आयुक्त ने जानकारी दी कि 15 सितंबर तक सभी मार्ग बहाल हो जाएंगे और उसी दिन से चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवाएं भी सुचारु हो जाएंगी।
श्रद्धालुओं से अपील
श्रद्धालुओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की देवभूमि हमेशा से श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तत्पर रहती है। लेकिन यदि मौसम या सड़क की स्थिति प्रतिकूल रहती है, तो यात्रा को रोका भी जा सकता है क्योंकि यात्रियों की जान सबसे कीमती है।
