अल्मोड़ा दौरे पर केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने क्वाराब डेंजर जोन का निरीक्षण किया और मरम्मत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
अल्मोड़ा। केंद्रीय सड़क-परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा गुरुवार को अल्मोड़ा के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने क्वाराब डेंजर जोन का निरीक्षण किया और अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली।

भारी बारिश से आंशिक नुकसान
अजय टम्टा ने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण क्वाराब क्षेत्र में दरक रही पहाड़ी और सुरक्षा दीवार को आंशिक नुकसान हुआ है। इस दीवार का पुनःनिर्माण कार्य तेजी से जारी है और जल्द पूरा करने के निर्देश दे दिए गए हैं। अजय टम्टा ने कहा कि क्वाराब डेंजर जोन में हो रहे निर्माण कार्य की जांच उच्च स्तरीय तकनीकी समिति से करवाई जाएगी। समिति की रिपोर्ट शीघ्र भारत सरकार के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने साफ किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जांच के बाद जो भी निर्णय होगा, उसे पूरी पारदर्शिता के साथ जनता के सामने लाया जाएगा।

सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों को बताया गलत
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर क्वाराब डेंजर जोन को लेकर फैलाई गई भ्रामक खबरें गलत हैं। प्रतिकूल मौसम के बावजूद इलाके में ट्रांसपोर्ट सुचारू रूप से चलता रहा है।
प्रधानमंत्री करेंगे हवाई निरीक्षण
अजय टम्टा ने जानकारी दी कि उत्तराखंड में आई आपदा का हवाई निरीक्षण खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज आपदाग्रस्त क्षेत्रों का करेंगे।
