मुख्यमंत्री धामी की अध्यक्षता में हुई उत्तराखंड कैबिनेट बैठक
देहरादून। सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में कुल छह महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी। सरकार ने जिन फैसलों को मंजूरी दी है, उनका सीधा फायदा आम जनता, किसानों और शहरी परिवहन व्यवस्था को मिलेगा।

देहरादून में ट्रैफिक सुधार के लिए नई कंपनी
बैठक में सबसे अहम फैसला देहरादून की ट्रैफिक समस्या को हल करने का रहा। इसके तहत देहरादून सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड नामक विशेष प्रयोजन वाहन (SPV) बनाया जाएगा। इस कंपनी के जरिए प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होगी और नगर बस सेवा को बेहतर तरीके से संचालित किया जाएगा।

कुक्कुट पालकों को मिलेगी सब्सिडी
कैबिनेट ने राज्य के नौ पर्वतीय जिलों — अल्मोड़ा, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, चंपावत, पौड़ी, बागेश्वर, टिहरी और रुद्रप्रयाग — में कुक्कुट पालकों को प्रति किलो चारे पर 10 रुपये की सब्सिडी देने का निर्णय लिया है। इस योजना से 1597 लाभार्थियों को फायदा मिलेगा। इसके लिए 2 करोड़ 83 लाख 85 हजार रुपए का बजट तय किया गया है।
न्यायिक और प्रशासनिक फैसले
- राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी, भोपाल और उत्तराखंड हाईकोर्ट द्वारा आयोजित सम्मेलन के खर्चों में छूट दी गई।
- उधम सिंह नगर विकास प्राधिकरण को 9.918 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई।
- नैनीताल हाईकोर्ट में दो नए पदों का सृजन किया गया।
- उत्तराखंड सेवा का अधिकार का नौवां वार्षिक प्रतिवेदन 2023-24 विधानसभा में पेश करने की मंजूरी दी गई।
स्वरोजगार और आर्थिक विकास पर जोर
सरकार का मानना है कि इन फैसलों से राज्य में स्वरोजगार को बढ़ावा, ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार, और कृषि व पोल्ट्री क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।
