जमीन हड़पने के लिए बना फर्जी फौजी
देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले में रानीपोखरी थाना पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर लापता फौजी की जमीन हड़पने की कोशिश की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला?
रानीपोखरी क्षेत्र के राजेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका चचेरा भाई हुकूम सिंह वर्ष 1971-72 के युद्ध के बाद से लापता है। उनके नाम पर करीब 20.5 बीघा जमीन दर्ज थी, जिसकी देखरेख परिवार करता आ रहा था। लेकिन जब 17 दिसंबर 2024 को जमीन की फर्द तहसील ऋषिकेश से निकाली गई, तो चौंकाने वाली बात सामने आई। वर्ष 2007 में यह जमीन भूपेंद्र सिंह नामक व्यक्ति के नाम दर्ज हो चुकी थी।

कैसे हुआ फर्जीवाड़ा?
जांच में पता चला कि भूपेंद्र सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए और एक बलवंत सिंह नामक व्यक्ति को फर्जी हुकूम सिंह बनाकर जमीन का विक्रय पत्र तैयार कराया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर साक्ष्य जुटाए और मुख्य आरोपी बलवंत सिंह, निवासी ग्राम धौल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
