डोला यात्रा के साथ सम्पन्न हुआ अल्मोड़ा का ऐतिहासिक नंदा देवी मेला
अल्मोड़ा। जयकारों और भजन-कीर्तन की गूंज के बीच अल्मोड़ा के ऐतिहासिक नंदा देवी मेले का समापन मां नंदा-सुनंदा की भव्य डोला यात्रा के साथ हुआ। हजारों की संख्या में श्रद्धालु नंदा देवी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, जहां भक्ति और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।

दिन में चंद वंशज केसी सिंह बाबा के परिजनों ने परंपरा के अनुसार मां नंदा-सुनंदा की विधिवत पूजा-अर्चना की। शाम होते ही मंदिर प्रांगण से भव्य डोला यात्रा की शुरुआत हुई। शोभा यात्रा में भक्तों ने भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
भावुक विदाई

भक्तों ने घरों की छतों और सड़कों पर खड़े होकर मां नंदा-सुनंदा के डोले को भावुक विदाई दी। शोभा यात्रा नंदा देवी मंदिर से प्रारंभ होकर ड्योढ़ी पोखर पहुंची, जहां तल्ला महल से पुरोहितों ने मां की आरती उतारी। इसके बाद डोला यात्रा बाजार दुगालखोला स्थित डोबा नौला पहुंची, जहां मूर्ति का विधिवत विसर्जन किया गया।
मेले का समापन
डोला विसर्जन के साथ ही अल्मोड़ा का ऐतिहासिक नंदा देवी मेला सम्पन्न हो गया। यह मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि कुमाऊं की संस्कृति और परंपरा को भी जीवंत करता है।
