1 से 3 सितंबर तक केदारनाथ यात्रा स्थगित
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में मानसून की मार लगातार बढ़ती जा रही है। जिला रुद्रप्रयाग प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 1 सितम्बर से 3 सितम्बर तक केदारनाथ यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया है।

प्रशासन की सख्त निगरानी
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने जानकारी दी कि मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने आगामी तीन दिनों तक भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय पूरी तरह तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए लिया गया है। जिलाधिकारी ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस अवधि में यात्रा पर न निकलें और अपने घरों या सुरक्षित स्थानों पर रहें।
यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के लिए निर्देश
जो यात्री पहले से मार्ग में हैं, उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रुकने और प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करने को कहा गया है। प्रशासन ने सभी से धैर्य रखने और मौसम सामान्य होने तक यात्रा स्थगित करने की अपील की है।
