पौड़ी में बस ड्राइवर पर कड़ी कार्रवाई
पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उस बस को सीज़ कर दिया, जिसका चालक यात्रियों की जान जोखिम में डालते हुए जलमग्न सड़क से जबरन वाहन पार करवा रहा था। इस खतरनाक हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई।

बारिश से बढ़ा नदी का जलस्तर
दरअसल 29 अगस्त 2025 को जनपद में भारी बारिश के कारण अलकनन्दा नदी का जलस्तर बढ़ गया और धारी देवी मंदिर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग जलमग्न हो गया। ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने मार्ग पर रोक लगाई थी, लेकिन एक बस चालक ने आदेशों की अवहेलना करते हुए यात्रियों से भरी बस को पानी में उतार दिया।

वायरल वीडियो से मिली जानकारी
इस “खतरनाक स्टंट” का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। श्रीनगर पुलिस ने वायरल फुटेज और सीसीटीवी की जांच की तो बस संख्या UK 15 PA 0403 की पहचान हुई। चालक और परिचालक की पुष्टि होते ही पुलिस ने कार्रवाई की।
कड़ी कार्रवाई: बस सीज़, DL निरस्त
31 अगस्त 2025 को NIT श्रीनगर पर वाहन को रोका गया। चालक व परिचालक पर धारा 179/184/207 MV Act के तहत चालान किया गया। बस को सीज़ कर दिया गया है और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भी भेजी गई है।
पुलिस का सख्त संदेश
पौड़ी पुलिस ने साफ कहा है कि आमजन की सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करवाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
