सीएम धामी की निगरानी में आपदा प्रबंधन कार्य तेज
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और सतत निगरानी में प्रदेशभर में आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। भारी बारिश और मलबा आने से प्रदेश में अब तक 1827 स्थानों पर सड़कें बाधित हुई थीं।

1747 सड़कें खुलीं, 80 पर काम जारी
प्रशासन की त्वरित कार्यवाही के चलते इनमें से 1747 सड़कों को खोल दिया गया है, जबकि 80 सड़कों पर कार्यवाही गतिमान है। इस प्रकार अब तक 95.62 फीसदी सड़कों पर यातायात बहाल हो चुका है।

पहले से की गई थी तैयारी
जहाँ-जहाँ मलबा आने की संभावना थी, वहाँ पहले से ही जेसीबी मशीनें और आवश्यक संसाधन तैनात किए गए थे। अधिकारियों को निर्देश थे कि सड़क बंद होते ही तुरंत कार्य शुरू किया जाए। परिणामस्वरूप प्रभावित क्षेत्रों में तेज़ी से सड़कें खोली जा रही हैं और लोगों को राहत मिल रही है।
सीएम धामी कर रहे लगातार समीक्षा
इस वर्ष प्रदेश में कई वर्षों की तुलना में अधिक बारिश हो रही है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री स्वयं आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और राहत व बचाव कार्यों की नियमित समीक्षा भी कर रहे हैं।
सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए सड़क, बिजली, पानी और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बहाल करने की निरंतर निगरानी की जा रही है। सभी विभाग समन्वय बनाकर त्वरित राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं।
