आपदा प्रभावितों को बड़ी राहत
पौड़ी गढ़वाल। आपदा से प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा घोषित राहत राशि शनिवार को बांट दी गई। प्रभावितों ने संकट की घड़ी में मिली इस मदद को जीवन संवारने वाली बड़ी राहत बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

सीएम धामी की घोषणा पर तुरंत कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने 26 अगस्त को घोषणा की थी कि धराली और थराली के साथ-साथ पौड़ी में भी पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के स्वामियों और मृतकों के परिजनों को 5 लाख की सहायता राशि दी जाएगी। यह राशि आंशिक रूप से एसडीआरएफ मद से और शेष मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दी जा रही है।

जिलाधिकारी के निर्देशन में चेक वितरण
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए तहसीलदार पौड़ी दीवान सिंह राणा की अगुवाई में राजस्व विभाग की टीम ने प्रभावित परिवारों को राहत राशि के चेक सौंपे।
भारी बारिश और भूस्खलन से 22 मकान ध्वस्त, 6 की मौत
गौरतलब है कि पौड़ी तहसील के ग्राम सैंजी, बुराँसी, रैदुल, फलद्वाड़ी, क्यार्द, कलूण और मणकोली में भारी बारिश और भूस्खलन से 22 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे, जबकि 6 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री धामी ने 7 अगस्त को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्रशासन को तत्काल राहत पहुँचाने के निर्देश दिए थे।
प्रभावितों ने कहा– नए सिरे से जीवन शुरू करने में मददगार
राहत राशि मिलने के बाद प्रभावित ग्रामीणों ने कहा कि यह सहायता उन्हें अपने जीवन को नए सिरे से खड़ा करने में मददगार साबित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने कठिन समय में त्वरित कार्रवाई कर हर स्तर पर सहयोग सुनिश्चित किया है।
