आपदा समीक्षा बैठक में सख्त हुए CM धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उच्चाधिकारियों, जिलाधिकारियों और पुलिस विभाग के साथ आपदा राहत कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार हर कदम पर आपदा प्रभावितों के साथ खड़ी है और तात्कालिक सहायता के रूप में प्रभावित परिवारों को 5-5 लाख की राशि उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रभावितों को समय पर राहत मिले
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों तक समय पर राशन और दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं पहुँचाई जाएँ। नदियों के जलस्तर पर निरंतर निगरानी रखने और बंद पड़ी सड़कों को शीघ्र खोलने के भी निर्देश उन्होंने दिए।

यमुना नदी पर मलबा हटाने पर जोर
सीएम धामी ने स्यानाचट्टी के पास यमुना नदी पर आए मलबे को हटाने के लिए मशीनों का उपयोग करने और मलबे का सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चारधाम यात्रा को लेकर तैयारी तेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात का मौसम समाप्त होते ही सभी सड़कों की मरम्मत और सुधार कार्य को तेजी दी जाए। 15 सितंबर के बाद चारधाम यात्रा में अपेक्षित तेजी को देखते हुए व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखा जाए।
अलर्ट मोड पर रहें अधिकारी
सीएम धामी ने मौसम की चेतावनियों को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को हमेशा अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।
